दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी, 8 साल से फरार 3 भगोड़े गिरफ्तार

नई दिल्ली, 01 अक्टूबर 2026

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (NDR) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 साल से अधिक समय से फरार चल रहे 3 कुख्यात भगोड़ा अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

  1. हत्या मामले में उम्रकैद का दोषी अमजद गिरफ्तार
    पहले मामले में इंस्पेक्टर विनय पाल और मनोज कुमार की टीम ने एसीपी आशीष कुमार के नेतृत्व में अमजद (43 वर्ष) को राजस्थान के तिजारा से गिरफ्तार किया। अमजद पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
    अमजद ने 2013 में साकेत स्थित एक मदरसे में 12 साल के बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। कोर्ट ने उसे 2015 में उम्रकैद की सजा सुनाई थी। 9 दिसंबर 2015 को 7 दिन की अंतरिम जमानत पर बाहर आने के बाद वह फरार हो गया था और 2017 में भगोड़ा घोषित किया गया था।
  2. हथियार तस्करी का आरोपी इमरान धरा गया
    दूसरी कार्रवाई में इंस्पेक्टर पंकज चौहान और सुरेश चौधरी की टीम ने एसीपी विवेक त्यागी के नेतृत्व में इमरान उर्फ एब्बर (34 वर्ष) को मथुरा, यूपी से पकड़ा। वह 10 साल से फरार था।
    2014 में सराय काले खां बस स्टैंड से 10 देसी पिस्टल के साथ 3 तस्कर पकड़े गए थे। जांच में सामने आया था कि इमरान के कहने पर ही मध्य प्रदेश से हथियारों की खेप मंगाई गई थी।
  3. हाईवे लुटेरा गैंग का सदस्य राकेश कुमार काबू
    तीसरे मामले में इंस्पेक्टर विनय पाल और मनोज की टीम ने नशा तस्कर राकेश कुमार (48 वर्ष) को बवाना से गिरफ्तार किया। वह पटियाला हाउस कोर्ट से 2018 में भगोड़ा घोषित था।
    2011 में सरिता विहार मेट्रो स्टेशन के पास से राकेश और उसके साथी शकील को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया था। उसके पास से एक देसी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। वह हाईवे लुटेरा गैंग का सक्रिय सदस्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *