रोहिणी में नकली सिगरेट का बड़ा जखीरा पकड़ा, 3 सप्लायर गिरफ्तार

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर। रोहिणी जिले की नारकोटिक्स टीम ने नकली गोल्ड फ्लेक सिगरेट की सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 3 सप्लायरों को गिरफ्तार कर करीब 60 लाख रुपये कीमत की 4,71,500 नकली सिगरेट बरामद की हैं।

डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल के अनुसार, एसीपी ऑपरेशन्स अजमेर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर राकेश के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम को 16 सितंबर को प्रशांत विहार इलाके में नकली सिगरेट की सप्लाई की सूचना मिली थी।

कार्रवाई में पहले आरोपी अकरम (32) निवासी बाबरपुर को पकड़ा गया और उसके पास से 1,20,000 नकली सिगरेट मिलीं। इस संबंध में थाना प्रशांत विहार में कॉपीराइट एक्ट की धारा 63/65 के तहत FIR No. 266/2026 दर्ज की गई।

पूछताछ और तकनीकी निगरानी के बाद सप्लाई चेन का खुलासा हुआ। 28 सितंबर को दूसरे आरोपी से 1,59,500 और 29 सितंबर को तीसरे आरोपी से 1,92,000 नकली सिगरेट बरामद की गईं। कुल 24 कार्टन (22 पीले बॉक्स, 2 सफेद-लाल कार्टन) जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकरम, राजरानी (70) निवासी दयालपुर और किशन मुरारी (28) निवासी नोएडा के रूप में हुई है। आरोपी असली जैसी पैकिंग में नकली सिगरेट बेचते थे। पुलिस नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *