विशेष संवाददाता चिमन लाल
बहादुरगढ़
थाना लाइनपार बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने गांव परनाला में हुई सतवीर की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को काबू करने में कामयाबी हासिल की है। थाना लाइनपार बहादुरगढ़ प्रबंधक निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि थाना पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि परनाला में चौपाल के पास झगड़ा हुआ है, सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो परचून की दुकान में सतवीर खून से लथपथ की हालत में पड़ा हुआ था। घटनास्थल पर उच्च अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर मौके का मुआयना किया और मौके से सबूत इकट्ठे किए। मृतक के भाई कि शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। दर्ज मामले पर कार्रवाई करते हुए थाना लाइनपार बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी विकास निवासी परनाला को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही से वारदात में प्रयोग एक अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने 28 /29 जून 2025 की रात को सतवीर को मारने की पहले योजना बनाई थी और मृतक सतवीर को गोली भी आरोपी विकास द्वारा ही मारी गई थी। दूसरी गोली न चलने पर आरोपी विकास ने अपने साथी के साथ मिलकर मृतक सतबीर पर ईट से भी हमला किया था। जिसमें सतवीर की मौत हो गई। आरोपी को पूछताछ के बाद अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया। माननीय अदालत के आदेश अनुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।