युवा जज की मौत का मामला: पत्नी समेत 4 पर FIR, आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

नई दिल्ली, 4 मई: कड़कड़डूमा कोर्ट में DLSA सचिव के पद पर तैनात युवा जज अमन कुमार शर्मा की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। सफदरजंग एन्क्लेव थाने में मृतक के पिता की शिकायत पर जज की पत्नी स्वाति समेत 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामला IPC की धारा 108 और 61(2) के तहत दर्ज किया गया है। ये धाराएं आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित हैं। FIR में जज की पत्नी स्वाति के अलावा 3 अन्य लोगों के नाम हैं। आरोपों में एक IAS अधिकारी का नाम भी शामिल है, जो जज की पत्नी की बहन बताई जा रही हैं। साथ ही एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जो हाल तक नई दिल्ली के DCP पद पर तैनात थे, का नाम भी शिकायत में आया है। उनका पिछले महीने ही तबादला हुआ था।

शिकायत के अनुसार, जज अमन कुमार शर्मा पिछले कई महीनों से वैवाहिक विवाद और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान थे। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मर्डर या आत्महत्या, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और बयान दर्ज होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

दिल्ली न्यायिक सेवा से जुड़े एक युवा अधिकारी का इस तरह जाना न्यायिक हलकों में शोक का विषय बना हुआ है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि जांच शुरुआती दौर में है। सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाला जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *