नई दिल्ली, 29 जुलाई 2026
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (NDR) ने लाहौरी गेट के 10 लाख की सशस्त्र लूट के मामले में एक साल से फरार चल रहे कुख्यात घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रियाजुद्दीन उर्फ राजू के रूप में हुई है। वह अलीगढ़, यूपी का रहने वाला है। उसके खिलाफ लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, स्नेचिंग और आर्म्स एक्ट के 31 से अधिक मामले दर्ज हैं।
डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में एसीपी आशीष कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर आलोक कुमार मौर्या और इंस्पेक्टर नीतू कुमार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 28 जुलाई को पुराना मुस्तफाबाद से उसे दबोचा। तलाशी में उसके पास से एक देसी लोडेड पिस्तौल बरामद हुई।
उल्लेखनीय है कि 11 सितंबर 2021 को लाहौरी गेट स्थित एक कूरियर ऑफिस में तीन बदमाशों ने पिस्तौल और चाकू के बल पर करीब 10 लाख रुपये लूट लिए थे। इसी केस FIR No. 504/21 में वह घोषित अपराधी (PO) था। इसके अलावा स्पेशल सेल के दो अन्य मामलों में भी उसके खिलाफ उद्घोषणा की कार्यवाही चल रही थी।