दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल द्वारा पाकिस्तान आईएसआई समर्थित आतंकी-अपराध मॉड्यूल का भंडाफोड़ ; 7 मुख्य ऑपरेटिव गिरफ्तार, दिल्ली-एनसीआर में कई आतंकी घटनाएं टलीं

नई दिल्ली, 16 जून 2026

नर्रा चैतन्य,पुलिस उपायुक्त,स्पेशल सेल, दिल्ली पुलिस के अनुसार , दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल/ईस्टर्न रेंज ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा समर्थित एक अंतरराष्ट्रीय आतंकी-अपराध सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। यह सिंडिकेट गैंगस्टर से आतंकी बने शाहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर द्वारा संचालित किया जा रहा था। इस कार्रवाई में सिंडिकेट के 7 प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

बरामदगी और कार्रवाई
स्पेशल सेल ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पांच अत्याधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, 41 जिंदा कारतूस, सात मोबाइल फोन, एक स्कॉर्पियो गाड़ी और बैंक खातों का विवरण बरामद किया है। मोबाइल फोन में शाहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर से जुड़ी आपत्तिजनक चैट और वॉयस नोट्स मिले हैं। ये खाते नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की बिक्री से मिली रकम के लेन-देन में इस्तेमाल हो रहे थे।

यह सिंडिकेट पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते दिल्ली-एनसीआर में अवैध हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था। समय पर की गई कार्रवाई से स्पेशल सेल ने दिल्ली-एनसीआर में कई नियोजित आतंकी घटनाओं को विफल कर दिया और आईएसआई प्रायोजित प्रॉक्सी वॉर को बड़ा झटका दिया है।

टीम और ऑपरेशन
यह कार्रवाई एसीपी कैलाश सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में इंस्पेक्टर राहुल कुमार, विनीत कुमार तेवतिया और अजीत कुमार की टीम ने की। मई 2026 के मध्य में खुफिया इनपुट मिला था कि शाहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को भर्ती कर दिल्ली-एनसीआर में हमले की साजिश रच रहे हैं।

इसी सूचना पर मोहित उर्फ योगी को यमुना विहार स्थित भागीरथ वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक पिस्तौल, चार कारतूस और अजमल गुज्जर से चैट वाला मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि हथियार और ड्रग्स पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में गिराए जाते थे और फिर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई किए जाते थे।

गिरफ्तार आरोपी

  1. अनस उर्फ अनस त्यागी, 26 वर्ष, अशोक विहार, लोनी, गाजियाबाद – नवंबर 2025 से शाहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर के संपर्क में। पहले से 3 केस। 2. मोहित उर्फ योगी, 26 वर्ष, सरस्वती विहार, लोनी, गाजियाबाद – नवंबर 2025 से अजमल गुज्जर से हजारों बार संपर्क। 3. दीपक उर्फ दीपक अग्रोला, 38 वर्ष, ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद – हत्या, डकैती समेत 23 केस। मार्च 2026 से पाकिस्तान में भट्टी और गुज्जर से 100 से अधिक बार संपर्क। 4. आरिफ उर्फ प्रधान, 30 वर्ष, लोनी, गाजियाबाद – आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस के 2 केस। 5. करनवीर सिंह, 26 वर्ष, फतेहगढ़ साहिब, पंजाब – एनडीपीएस का 1 केस। 6. जतन, 29 वर्ष, ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद – हत्या के प्रयास के 2 केस। 7. साबिर, 30 वर्ष, लोनी, गाजियाबाद।
    मोडस ऑपरेंडी
    जांच में खुलासा हुआ कि शाहजाद भट्टी सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए भारतीय युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर भर्ती करता था। पैसों का लालच और आपराधिक जीवनशैली का महिमामंडन कर युवाओं को फंसाया जाता था। हवाला, स्कैनर पेमेंट, डेड-ड्रॉप डिलीवरी और फोटो-वीडियो कन्फर्मेशन से नेटवर्क चलाया जा रहा था।

आरोपी मोहित, आरिफ और अनस सूदखोरी का धंधा करते थे। धौंस जमाने के लिए अवैध हथियार रखते थे। सोशल मीडिया पर अजमल गुज्जर के संपर्क में आए और उससे 1 लाख रुपये में जिगाना पिस्तौल खरीदी। इसके बाद हेरोइन/चिट्टा की तस्करी शुरू कर दी। शाहजाद भट्टी ने इन्हें हरियाणा के एक प्रसिद्ध ढाबे, दिल्ली और लोनी के कुछ लोगों और दिल्ली-एनसीआर के संवेदनशील स्थानों की रेकी करने को कहा था। रेकी के फोटो-वीडियो पाकिस्तान भेजे गए।

दीपक अग्रोला की एंट्री
अजमल गुज्जर के कहने पर अनस ने मंडोली जेल में बंद गैंगस्टर दीपक अग्रोला को उससे मिलवाया। दीपक जेल में मोबाइल चलाता था, जो बाद में जेल स्टाफ ने बरामद किया। दीपक ने जतन के जरिए अजमल गुज्जर से अवैध हथियारों की खेप मंगवाई।

आगे की कार्रवाई
सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों और पाकिस्तान से तस्करी में शामिल मिडिलमैन, सप्लायर व रिसीवर की तलाश जारी है। स्पेशल सेल इस आतंकी-अपराध नेटवर्क के बाकी हिस्सों को ध्वस्त करने के लिए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *