नई दिल्ली, 16 जून 2026
दिल्ली पुलिस के नई दिल्ली जिले की कनॉट प्लेस थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से तीन लैपटॉप, चार पेन ड्राइव और चार बैग बरामद किए गए हैं। चोरी का सामान लाखों रुपये कीमत का बताया जा रहा है।
क्या है मामला
12 जून 2026 को अजय कुमार भारद्वाज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एफ-ब्लॉक पार्किंग, कनॉट प्लेस से उनका ASUS लैपटॉप, मोकाबारा बैग, पेन ड्राइव और अन्य सामान चोरी हो गया है। इस पर थाना कनॉट प्लेस में चोरी का मामला दर्ज कर जांच एएसआई गंगाराम को सौंपी गई।
जांच के दौरान पता चला कि कनॉट प्लेस इलाके में इसी तरह की चोरी की तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज हैं। एक ही आरोपी के शामिल होने की आशंका पर एसएचओ कनॉट प्लेस के नेतृत्व और एसीपी कनॉट प्लेस की निगरानी में टीम गठित की गई। टीम में एएसआई गंगाराम, हेड कांस्टेबल गौरव, रामपाल, हरि सिंह, कांस्टेबल आकाश और विशाल शामिल थे।
100 से ज्यादा CCTV से मिला सुराग
पुलिस टीम ने इलाके में लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी, स्थानीय सूचना और वैज्ञानिक जांच के जरिए आरोपी की पहचान कर ली गई। 14 जून 2026 को पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने तीनों वारदातों में शामिल होना कबूल किया। उसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया। इससे तीनों एफआईआर का खुलासा हो गया। पुलिस ने सूरज कुमार पुत्र खेतपाल सिंह, निवासी करतार नगर, 3.5 पुस्ता, उस्मानपुर, दिल्ली को गिरफ्तार किया है। 32 वर्षीय सूरज मजदूरी करता है।
डीसीपी नई दिल्ली जिला सचिन शर्मा, आईपीएस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह और किन वारदातों में शामिल रहा है और अन्य बरामदगी की जा सकती है या नहीं।