दिल्ली: नबी करीम के आर्य नगर शिव मंदिर के पास बिल्डर के ऑफिस में दिनदहाड़े फायरिंग, पुलिस जांच में जुटी

नई दिल्ली, 29 जून: राजधानी दिल्ली के नबी करीम थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े फायरिंग से सनसनी फैल गई। आर्य नगर स्थित शिव मंदिर के पास बिल्डर महेश चंद के ऑफिस में एक बदमाश ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नबी करीम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

पहले भी मकान देखने के बहाने आया था आरोपी
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी पहले भी मकान देखने के बहाने बिल्डर महेश चंद के ऑफिस आ चुका था। आज दोपहर वह फिर ऑफिस पहुंचा। बताया जा रहा है कि बिल्डर महेश चंद से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।

स्टाफ ने पकड़ने की कोशिश की, सड़क पर भी की हवाई फायरिंग
गोली चलने से ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई। मौजूद स्टाफ ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह धक्का देकर भाग निकला। भागते समय उसने दहशत फैलाने के लिए सड़क पर भी हवाई फायरिंग की और फिर गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। गनीमत रही कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

बेटे राहुल जिंदल भी पहुंचे मौके पर
घटना की खबर मिलते ही बिल्डर महेश चंद के बेटे राहुल जिंदल भी ऑफिस पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। राहुल जिंदल ने बताया कि आरोपी पहले भी ऑफिस आ चुका है, जिससे उसकी पहचान कराना आसान होगा।

पुलिस खंगाल रही CCTV, कई टीमें गठित
नबी करीम थाना पुलिस ने मौके से कुछ खाली खोखे बरामद किए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान और भागने की दिशा का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में कई टीमें गठित कर दी गई हैं और आरोपी की तलाश जारी है। फायरिंग के पीछे की वजह पुरानी रंजिश है या रंगदारी, पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *