दिल्ली के आई पी स्टेट इलाके में सड़क हादसे में दो विधायकों सहित 6 लोग घायल

नई दिल्ली: आईपी एस्टेट थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 9:30 बजे सड़क हादसा हो गया। पीसीआर कॉल मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो दो कारें – इनोवा नंबर DL-12CY-** और स्विफ्ट कार नंबर DL-6CR-*** दुर्घटनाग्रस्त मिलीं।

प्राथमिक पूछताछ के अनुसार, स्विफ्ट कार 32 वर्षीय आशुतोष पांडे, निवासी आर्य नगर चला रहे थे। वह अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ लक्ष्मी नगर से आईटीओ की तरफ जा रहे थे। पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकराकर रेलिंग पार करते हुए सामने से आ रही इनोवा से टकरा गई।

इनोवा में किराड़ी विधानसभा से विधायक अनिल झा और कर्नाटक से विधायक अभय पाटिल सवार थे।

हादसे में दोनों गाड़ियों में सवार सभी लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सभी को एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

सूचना पर दमकल विभाग को बुलाया गया और दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू किया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *