नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के आईपी फ्लाईओवर पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार आज सुबह करीब 06:21 बजे थाना सिविल लाइंस से थाना आई.पी. एस्टेट को पीसीआर कॉल के जरिए हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचा और क्राइम टीम को भी बुलाया गया।
जांच में पता चला कि मदनपुर खादर निवासी 19 वर्षीय अमन काले रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या DL-4S-**** पर सवार था। उसके पीछे बटला हाउस, जामिया नगर निवासी 22 वर्षीय अल्बर बैठा था। दोनों सराय काले खां की तरफ जा रहे थे, तभी आईपी फ्लाईओवर पर उनकी बाइक को कथित तौर पर एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि अमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अल्बर घायल हो गया। दोनों को तुरंत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां अल्बर की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान कर तलाश की जा रही है।