पहाड़गंज के ऐतिहासिक खन्ना सिनेमा हॉल पर MCD का बोर्ड, निजी संपत्ति पर सवालों के घेरे में नगर निगम

नई दिल्ली, पहाड़गंज मेन बाजार

दिल्ली के हृदय स्थल पहाड़गंज मेन बाजार स्थित दशकों पुराना खन्ना सिनेमा हॉल एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार फिल्मों की वजह से नहीं, बल्कि अपनी मिल्कियत को लेकर।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सिनेमा हॉल एक निजी संपत्ति है, फिर भी अचानक इस इमारत पर दिल्ली नगर निगम (MCD) का बोर्ड लगा दिया गया है। सवाल उठ रहा है कि आखिर एक निजी इमारत MCD की संपत्ति कब और कैसे हो गई? इस संबंध में नगर निगम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

कभी हादसे का बना था गवाह

बताया जाता है कि काफी समय पहले इस जर्जर इमारत का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया था, जिससे बड़ा नुकसान हुआ था। हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर इमारत के नीचे बनी दुकानों को प्रशासन ने सील कर दिया था।

नियम ताक पर, दुकानें फिर आबाद

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सील की गई दुकानों को अब सभी नियमों को दरकिनार कर फिर से खोल दिया गया है। वर्तमान में वहां दुकानें धड़ल्ले से चल रही हैं। वहीं, इमारत के मुख्य गेट पर अब MCD का बोर्ड लगा होना कई सवाल खड़े कर रहा है।

स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में इसको लेकर रोष और असमंजस दोनों है। लोगों का कहना है कि यदि इमारत जर्जर और खतरनाक घोषित थी, तो उसे दोबारा कैसे खोलने की इजाजत दी गई? और यदि यह निजी संपत्ति है तो इस पर सरकारी बोर्ड किस आधार पर लगाया गया?

फिलहाल यह पूरा मामला जांच का विषय बना हुआ है। देखना होगा कि इस पर MCD और संबंधित विभाग क्या सफाई देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *