नबी करीम थाना क्षेत्र में अपराध बेलगाम, आर्य नगर में अवैध रेस्टोरेंट के बाहर दो गुटों में चाकूबाजी

सिलिकॉन होटल के सामने अवैध रेस्टोरेंट के बाहर गैंगवार, पुलिस ने बाइक-स्कूटी जब्त की, रेस्टोरेंट पर कार्रवाई नहीं होने से सवाल

नई दिल्ली। मध्य जिला के थाना नबी करीम क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आर्य नगर बीट नंबर-2 में रात भर अवैध होटल, स्पा और रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध शराब बिक्री का धंधा चलता है, जिसके कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है और आए दिन गैंगवार जैसी स्थिति बनती है।

ताजा मामला 27 अगस्त की रात का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना नबी करीम के आर्य नगर बीट नंबर-2, बैंक ऑफ इंडिया के पीछे सिलिकॉन होटल के सामने चल रहे अवैध रेस्टोरेंट के बाहर दो गुटों में कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया। देखते ही देखते झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में चाकूबाजी भी हुई।

घटना की सूचना पर किसी ने पीसीआर कॉल की। सूचना मिलते ही थाना नबी करीम की लोकल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर कुछ बदमाश मौके से फरार हो गए, जबकि कुछ को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस रेस्टोरेंट की आड़ में रात भर अवैध शराब का कारोबार चलने की बात कही जा रही है, उस पर अब तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। इसको लेकर थाना नबी करीम पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में चल रही कथित अवैध गतिविधियों को लेकर स्थानीय निवासियों ने उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी है। लोगों का कहना है कि रात भर खुले रहने वाले रेस्टोरेंट, स्पा और बेड एंड ब्रेकफास्ट होटलों के कारण इलाके की शांति भंग हो रही है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि वे इस संबंध में थाना प्रभारी को भी अवगत करा चुके हैं, बावजूद इसके रात में पुलिस गश्त नहीं बढ़ाई गई और अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लग पाई है।

स्थानीय लोगों ने उच्च पुलिस अधिकारियों और जिला प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए रात में चलने वाले संदिग्ध रेस्टोरेंट, स्पा और होटलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए और यदि किसी स्तर पर संरक्षण दिया जा रहा है तो उसकी भी जांच हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *