मध्य जिला के आनंद पर्वत थाना पुलिस ने जेब से 30 हजार रुपये चोरी के मामले में 48 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 19,500 रुपये बरामद किए गए हैं।
रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अनुसार, 28 अगस्त को घाटी रोड, न्यू आर्या पब्लिक स्कूल के सामने से पीसीआर कॉल मिली थी। 36 वर्षीय शिकायतकर्ता ने बताया कि एक युवक ने जानबूझकर टक्कर मारकर बातों में उलझाया और इसी दौरान जींस की पिछली जेब से 30 हजार रुपये निकालकर अपने साथी को दे दिए। शोर मचाने पर दोनों अलग-अलग दिशा में भाग गए। इस पर थाना आनंद पर्वत में FIR No. 490/2026 धारा 303(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO आनंद पर्वत की देखरेख में ASI राजेंदर, HC संजय और HC जितेंद्र की टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जांच, CCTV फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मयंक उर्फ मनु (23) और विनय सोनकर (25) दोनों बापा नगर, करोल बाग नई दिल्ली के रहने वाले हैं।
पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूली है। पुलिस ने विनय से 15,000 और मयंक से 4,500 रुपये बरामद किए हैं।
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी चोरी-लूट के मामलों में शामिल रहे हैं। मयंक के खिलाफ करोल बाग और पटेल नगर में 3 केस, जबकि विनय के खिलाफ प्रसाद नगर में लूट और चोरी के 3 पुराने मामले दर्ज हैं।