नई दिल्ली, 28 सितंबर। दिल्ली के पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने 28 सितंबर को दक्षिण दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने एलएसआर कॉलेज स्थित पिंक बूथ, नेशनल पार्क और हौज खास स्थित अरुण जेटली पार्क का दौरा कर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।
इस निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त के साथ विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था जोन-2) नीरज ठाकुर, संयुक्त पुलिस आयुक्त/ओएसडी संजय कुमार जैन, संयुक्त पुलिस आयुक्त (दक्षिणी रेंज) विजय कुमार, दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस आयुक्त ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पार्क में पैदल गश्त की और पार्क, आसपास के क्षेत्रों तथा पिंक बूथ की समग्र सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और प्रभावी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।