शकरपुर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी, कैब ड्राइवर और ज्वैलर गिरफ्तार

नई दिल्ली, 30 सितंबर

पूर्वी जिले के शकरपुर थाना पुलिस ने चंद दिनों में चोरी के मामले को सुलझाते हुए कैब ड्राइवर और चोरी का सोना खरीदने वाले ज्वैलर को गिरफ्तार किया है।


राजीव कुमार डीसीपी पूर्वी जिला के मुताबिक 22 सितंबर को एक महिला ने क्रॉस रिवर मॉल से V3S मॉल, प्रीत विहार के लिए कैब बुक की थी। विकास मार्ग पर पिलर नंबर 60 के पास महिला कुछ सामान लेने के लिए कैब से उतरी और अपना हैंडबैग गाड़ी में ही छोड़ दिया। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर कैब ड्राइवर बैग लेकर फरार हो गया। बैग में Samsung Galaxy Fold फोन, सोने की अंगूठियां, नकदी और अन्य सामान था। इस पर PS शकरपुर में e-FIR No. 80080634/2026 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।


ACP प्रीत विहार की देखरेख और SHO शकरपुर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने विकास मार्ग, निर्माण विहार के सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले और टेक्निकल सर्विलांस से सफेद Wagon R टैक्सी नं. HR-55-AY-** को ट्रेस किया। आरोपी को सीमापुरी गोल चक्कर के पास से दबोचा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित शर्मा (38) – कैब ड्राइवर, निवासी भोला नाथ नगर, शाहदरा और दूसरा अजय कपूर (47) – ज्वैलर, कृष्णा नगर के रूप में हुई है।

पूछताछ में अमित ने बताया कि उसने चोरी की दो सोने की अंगूठियां कृष्णा नगर के ज्वैलर अजय कपूर को 95,000 रुपये में बेच दी थीं। पुलिस ने ज्वैलर की दुकान पर छापा मारकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।


    आरोपियों के कब्जे से एक Samsung Galaxy Fold फोन, दो सोने की अंगूठियां, 10,500 रुपये नकद, ग्रे रंग का लेडीज हैंडबैग और वारदात में इस्तेमाल Wagon R कैब बरामद की गई है। मामले में धारा 317(2) BNS जोड़ी गई है। शेष सामान की बरामदगी के लिए जांच जारी है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *