उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने इजरायल और इराक में नौकरी दिलाने के नाम पर 46 लोगों से लाखों की ठगी करने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में रैकेट के मास्टरमाइंड और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अबीर पोइलन (45) पुत्र अदित पोइलन, निवासी 24 परगना, पश्चिम बंगाल और उसके सहयोगी मुस्तकीम (38) पुत्र निजामुद्दीन, निवासी संगम विहार, दिल्ली के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई उप-राज्यपाल, दिल्ली की पहल पर शुरू की गई ‘थाना दिवस – जन सुनवाई’ के दौरान मिली शिकायत पर की गई।
01 अगस्त 2026 को सुभाष प्लेस थाने में आयोजित जन सुनवाई के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त, उत्तरी रेंज, श्री विजय सिंह के समक्ष वीजा ठगी की शिकायत आई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सुभाष प्लेस थाने में FIR No. 514/2026 U/s 318(4)/336(3)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में पता चला कि आरोपी अग्रवाल साइबर प्लाजा-1, नेताजी सुभाष प्लेस में ‘डायनेमिक ओवरसीज’ के नाम से ऑफिस चला रहे थे। वे इजरायल के लिए 1,70,000 रुपये प्रति व्यक्ति और इराक के लिए 70,000 रुपये प्रति व्यक्ति लेकर विदेश में नौकरी और वीजा दिलाने का झांसा देते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है:
अबीर पोइलन से बरामद:
- ठगी की रकम से खरीदे गए 31 ग्राम वजनी सोने के सिक्के • 19 भारतीय पासपोर्ट • 05 मोबाइल फोन, 03 कंप्यूटर, 01 कलर प्रिंटर और डायनेमिक ओवरसीज की मोहरें • गिरवी रखी गई 2 सोने की अंगूठी, 1 सोने की चेन और 1 जोड़ी टॉप्स
मुस्तकीम से बरामद: - 06 मोबाइल फोन • 10 एटीएम कार्ड • 03 पासपोर्ट, जिनमें 02 नेपाली नागरिकों के पासपोर्ट शामिल हैं • 2 गिरवी रखी सोने की चेन
कुल मिलाकर पुलिस ने 22 पासपोर्ट, 11 मोबाइल फोन, 10 एटीएम कार्ड, 03 कंप्यूटर, 01 प्रिंटर, 31 ग्राम सोने के सिक्के और फर्म की मोहरें बरामद की हैं। पुलिस ठगी की रकम से लिए गए गोल्ड लोन और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अबीर पोइलन पहले भी FIR No. 15/20 U/s 420 IPC, थाना गोविंदपुरी में शामिल रहा है।
इस पूरी कार्रवाई को DCP नॉर्थ-वेस्ट, Ms. आकांक्षा यादव, IPS के पर्यवेक्षण में, Jt. CP/NR श्री विजय सिंह, IPS और Spl. CP/L&O श्री देवेश चंद्र श्रीवास्तव, IPS के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया।
ACP सुभाष प्लेस, Ms. सृष्टि भट्ट (IPS) और SHO सुभाष प्लेस, इंस्पेक्टर तेजपाल सिंह की निगरानी में SI राजेश कुमार, HC वरुण आलोक, HC रॉयल, Ct. श्याम वीर, Ct. धर्मेंद्र और Ct. अनुपम की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
उत्तर-पश्चिम जिले की पुलिस ने कहा है कि थाना दिवस – जन सुनवाई पहल का उद्देश्य नागरिकों को अपनी शिकायत सीधे पुलिस तक पहुंचाने का मंच देना है और इस कार्रवाई से साबित होता है कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।