नई दिल्ली, 13 अक्टूबर। बाहरी जिला पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी विक्रम सिंह के निर्देश पर बीट और पेट्रोलिंग स्टाफ द्वारा की गई इस कार्रवाई में 2 बटनदार चाकू और 5 चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इससे 5 चोरी के मामले सुलझ गए हैं।
पहला मामला – थाना नांगलोई:
12 अक्टूबर को हेड कांस्टेबल विकास और कांस्टेबल विक्रांत नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर गश्त पर थे। ओसवाल शोरूम के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा कर पकड़ने पर उसकी पहचान फैसल (22), निवासी नांगलोई के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से एक बटनदार चाकू और 5 मोबाइल फोन मिले। जांच में सभी 5 फोन चोरी के निकले, जो थाना नांगलोई के 5 अलग-अलग ई-एफआईआर से जुड़े हैं। इस पर थाना नांगलोई में FIR No. 394/26, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
दूसरा मामला – थाना राज पार्क:
इसी दिन एएसआई जितेंद्र और कांस्टेबल योगेश मंगोलपुरी इलाके में गश्त पर थे। एस-ब्लॉक, मछली मार्केट के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चाकू लेकर चर्च रोड से माजरा की ओर जा रहा है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान पीयूष उर्फ टमाटर (19), निवासी सुल्तानपुरी के रूप में हुई। उसके पास से भी एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। थाना राज पार्क में FIR No. 608/2026, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से बरामदगी जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।