नई दिल्ली, 16 अक्टूबर
रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने कोकीन सप्लाई के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कुल 168 ग्राम कोकीन, 35,900 रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग का सामान बरामद किया है। इस मामले में एक महिला समेत चार विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल के अनुसार, एसीपी ऑपरेशन्स अजमेर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
पहली गिरफ्तारी 17 सितंबर को हुई थी। थाना साउथ रोहिणी में एनडीपीएस एक्ट के तहत FIR No. 290/2026 दर्ज कर 33 वर्षीय सीन फे निवासी सेनेगल को पकड़ा गया। उसके पास से 17 ग्राम कोकीन, एक TVS Ntorq स्कूटी, एक मोबाइल और 600 रुपये बरामद हुए थे।
उसकी निशानदेही और खुफिया जानकारी के आधार पर स्पेशल स्टाफ की टीम ने 9 अक्टूबर को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 151 ग्राम कोकीन, 35,300 रुपये नकद, तराजू और पैकिंग मैटेरियल बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओकोली इफेचुक्वु ब्राइट (35) नाइजीरियन, नस्सिमा अमीनाह उर्फ नलुबेगा मरियम (35) युगांडा निवासी और उचेचुक्वु जॉन (35) नाइजीरियन के रूप में हुई है।
कुल बरामदगी: 168 ग्राम कोकीन, 35,900 रुपये नकद, एक स्कूटी और एक मोबाइल फोन। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।