नई दिल्ली:रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ ने विदेशी गैंग के इशारे पर काम करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रोहित (22) निवासी सीतापुर, यूपी और हसीब (24) निवासी हरदोई, यूपी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को कीर्ति नगर में एक मार्बल व्यापारी की बिल्डिंग पर दो बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की थी। व्यापारी को विदेशी गैंग से जुड़े नितिन डाबस उर्फ विक्की हद्दल की तरफ से लगातार रंगदारी की धमकियां मिल रही थीं। इस मामले में कीर्ति नगर थाने में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था।
जांच में पता चला कि वारदात से एक दिन पहले 19 अक्टूबर को विक्की हद्दल के निर्देश पर दोनों आरोपियों को पिस्टल और कारतूस मिले थे। 20 अक्टूबर को दोनों ने चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से कीर्ति नगर में जाकर दो राउंड फायरिंग की और मौके से खाली खोल भी उठा ले गए।
इसी बीच 20-21 अक्टूबर की रात स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली कि दोनों आरोपी सेक्टर-24, रोहिणी स्थित बांके बिहारी मंदिर के पास हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने आएंगे। एसीपी ऑपरेशन अजमेर सिंह की देखरेख और इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों के पास से एक .30 बोर पिस्टल, एक अत्याधुनिक पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस, एक खाली खोल और वारदात में इस्तेमाल हुई स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई है। बाइक न्यू उस्मानपुर इलाके से 16 अक्टूबर को चोरी हुई थी।
पुलिस ने बुद्ध विहार थाने में आर्म्स एक्ट के तहत FIR No. 355/26 दर्ज कर ली है। इनकी गिरफ्तारी से रंगदारी के 3 मामलों का खुलासा हुआ है। –