द्वारका जिले की एंटी जेल बेल व पीओ सेल की टीम ने नजफगढ़ में हुई चेन स्नैचिंग की वारदात को सुलझाते हुए दो कुख्यात अपराधियों को राजस्थान के खाटू श्याम जी से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कुल 82 पुराने आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर को नजफगढ़ इलाके में सड़क किनारे खड़ी एक महिला से टीवीएस एनटॉर्क स्कूटर पर सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली थी। इस संबंध में थाना नजफगढ़ में एफआईआर नंबर 497/26 दर्ज की गई थी।
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देश पर इंस्पेक्टर हरीश कुमार के नेतृत्व में एएसआई ओमप्रकाश, हेड कांस्टेबल महेश कुमार, कांस्टेबल अशोक और कांस्टेबल जयदीप की टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और अपराधियों के आने-जाने के रूट का विश्लेषण किया।
17 नवंबर को जय विहार में फुटेज चेक करने के दौरान एक मुखबिर ने बताया कि दोनों आरोपी खाटू श्याम मंदिर के पास एक होटल में ठहरे हुए हैं। सूचना मिलते ही टीम राजस्थान रवाना हुई और होटल के कमरे से दोनों को दबोच लिया। सीसीटीवी फुटेज दिखाने पर दोनों ने वारदात कबूल कर ली।
पकड़े गए आरोपी –
- राजन सोनी उर्फ भोला (24), निवासी विष्णु गार्डन, ख्याला, दिल्ली। इस पर पहले से 66 मामले दर्ज हैं, जिनमें 36 स्नैचिंग, 20 चोरी, 7 आर्म्स एक्ट, 1 डकैती व 2 अन्य मामले शामिल हैं।
- हर्ष उर्फ अक्षय (22), निवासी बेगम बाग, केशोपुर मंडी, दिल्ली। इस पर 16 मामले दर्ज हैं, जिनमें 11 स्नैचिंग/चोरी, 1 डकैती, 1 आर्म्स एक्ट व 3 ठगी/जालसाजी के मामले शामिल हैं।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एनटॉर्क स्कूटर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते वे अपराध की दुनिया में उतरे। आगे की जांच जारी है।