नई दिल्ली, 24 नवंबर। रोहिणी जिले की अमन विहार थाना पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत दो साल के बच्चे को महज एक घंटे में उसके परिवार से मिला दिया।
22 नवंबर को शिव चौक, सेक्टर-20, रोहिणी में दो साल का बच्चा अकेला घूमता मिला। सूचना पर पीसीआर कॉल अमन विहार थाने में पहुंची।
एसीपी अमन विहार अजय वेदवाल के पर्यवेक्षण में एसएचओ इंस्पेक्टर विजय समारिया के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल तुलसी राम और कांस्टेबल सचिन की टीम ने तुरंत बच्चे को संरक्षण में लिया। पीसीआर स्टाफ, ह्यूमन इंटेलिजेंस, तकनीकी निगरानी और स्थानीय आरडब्ल्यूए सदस्यों की मदद से एक घंटे के अंदर बच्चे के घर की पहचान कर उसे सुरक्षित परिवार को सौंप दिया गया।
रोहिणी जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि लापता बच्चों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।