नई दिल्ली: पूर्वी जिले की पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 7 किलो 400 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को एएसआई अजीत कुमार, एसआई राजेश शर्मा, एसआई सत्येंद्र, एएसआई अर्जुन, हेड कांस्टेबल सुनील शर्मा, कौशिंदर और कांस्टेबल गुरविंदर सिंह की टीम एसएचओ पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया के नेतृत्व में इलाके में गश्त कर रही थी। दोपहर करीब 12:20 बजे रोड नंबर 56 पर ISBT आनंद विहार के इन-गेट के पास दो संदिग्ध व्यक्ति बड़ा प्लास्टिक बैग लिए खड़े दिखे। पुलिस को देखकर दोनों रेलवे लाइन की तरफ भागने लगे, जिन्हें पीछा कर दबोच लिया गया।
तलाशी में बैग से 7.4 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान विशाल गुप्ता (28 वर्ष) और शिवम साहू (19 वर्ष) दोनों निवासी जिला बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
जांच में पता चला है कि आरोपी विशाल गुप्ता पहले भी बरेली में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में शामिल रहा है।
इस संबंध में थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में FIR No. 403/26 दिनांक 23.10.2026, धारा 15 NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।