नई दिल्ली से विशेष संवाददाता
नई दिल्ली, शनिवार। राजधानी के जंतर-मंतर पर आज हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। प्रशासन ने जंतर-मंतर के चारों ओर 10 से 12 फीट ऊंची दीवार खड़ी कर दी है। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
तनाव को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था के मद्देनजर 18 डीसीपी को विशेष तौर पर जंतर-मंतर पर तैनात किया है। कनॉट प्लेस के आसपास तगड़ी घेराबंदी की गई है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल मौजूद है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शनिवार होने के चलते आज जंतर-मंतर पर भीड़ रोज के मुकाबले कहीं ज्यादा बढ़ने के आसार हैं। इसे देखते हुए सरकार ने एहतियातन दिल्ली के 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया है। जंतर-मंतर इलाके में खाने की ऑनलाइन डिलीवरी पर भी रोक लगा दी गई है।
आज दोपहर तीसरे दौर की बातचीत
इसी बीच आज दोपहर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों और सरकार के बीच तीसरे दौर की बातचीत होनी तय है।
सूत्रों के अनुसार बातचीत में गतिरोध बरकरार है। CJP केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ी हुई है। पार्टी नेताओं ने साफ कहा है कि इस मांग पर कोई समझौता नहीं होगा।
वहीं सरकार के रुख से स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं लिया जाएगा। ऐसे में सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच सड़क पर तीखे टकराव की संभावना प्रबल हो गई है।
जानकारी के मुताबिक CJP ने चेतावनी दी है कि अगर उसकी मांग नहीं मानी गई तो 20 जुलाई जैसा बड़ा प्रदर्शन दोहराया जाएगा।