मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार 1 अगस्त को पूर्वी दिल्ली के जिला अधिकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली लक्ष्मी योजना 2026 के ऑनलाइन पोर्टल की शुरुआत की।
इस योजना के तहत राजधानी की पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सीधी आर्थिक मदद दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य 17 लाख से ज्यादा महिलाओं को इस योजना से जोड़ने का है।
सरकार ने 2026-27 के बजट में इसके लिए 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया शनिवार से ही शुरू हो गई है। पात्रता की जांच के बाद रक्षाबंधन के मौके पर पहली किस्त जारी करने की तैयारी है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा – “दिल्ली सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर पूरी तरह गंभीर है। यह योजना सिर्फ 2500 रुपये की मदद नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। हम चाहते हैं कि हर पात्र महिला तक इसका लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे ताकि वह अपनी जरूरतें पूरी कर सके और परिवार को आर्थिक रूप से मजबूती दे सके।”
इस मौके पर जिला विकास समिति के चेयरमैन व विधायक अनिल गोयल, विधायक संजय गोयल, विधायक ओमप्रकाश शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद महिलाओं को पोर्टल पर आवेदन करने का पूरा तरीका भी समझाया गया और सरकार ने अधिक से अधिक पात्र महिलाओं से योजना का लाभ लेने की अपील की है।