दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन शस्त्र, रोहिणी में बड़ी कार्रवाई : 19 देसी पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस और 9 बटनदार चाकू बरामद, 46 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 16 जुलाई। राजधानी में संगठित अपराध और स्ट्रीट क्राइम पर नकेल कसने के लिए रोहिणी जिला पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। ऑपरेशन शस्त्र के तहत पुलिस ने जिले भर में छापेमारी कर अवैध हथियारों का जखीरा पकड़ा है।

पुलिस ने इस ऑपरेशन में 19 देसी पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस, 09 बटन वाले चाकू और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। कुल 46 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जबकि 23 बदमाशों को एहतियातन पाबंद किया गया है।
210 पुलिसकर्मियों ने 106 जगहों पर मारी रेड
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 14 और 15 जुलाई को यह विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर जोन वन श्री देवेश चंद्र श्रीवास्तव और ज्वाइंट सीपी नॉर्दर्न रेंज श्री विजय सिंह के सुपरविजन में हुई।

रोहिणी जिले के डीसीपी श्री शशांक जायसवाल के नेतृत्व में और एडीशनल डीसीपी श्री सतीश कुमार की निगरानी में 15 विशेष टीमें बनाई गईं। 210 पुलिसकर्मियों ने 106 परिसरों पर छापे मारे, 101 पार्कों की चेकिंग की और 60 गाड़ियों से काली फिल्म हटाई।

इस दौरान 400 हिस्ट्रीशीटरों का वेरिफिकेशन किया गया, जिसमें 8 सक्रिय हिस्ट्रीशीटर और एक भगोड़ा अपराधी पकड़ा गया।
रिकॉर्ड बरामदगी, दिल्ली में अव्वल रहा रोहिणी जिला
पुलिस ने बताया कि इस साल अभी तक रोहिणी जिले ने 155 अवैध हथियार और 287 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह आंकड़ा दिल्ली पुलिस के सभी जिलों और यूनिटों में सबसे ज्यादा है।

ऑपरेशन के दौरान आर्म्स एक्ट के 24 केस दर्ज कर 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा आबकारी एक्ट में 5 केस में 7 गिरफ्तारी और 3884 पव्वे शराब बरामद हुई। एनडीपीएस के 2 और जुआ एक्ट के 3 मामलों में भी कार्रवाई की गई।
सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वाला भी धरा
पकड़े गए आरोपियों में कई शातिर बदमाश शामिल हैं। आरोपी सागर उर्फ नरेश पर पहले से 34 मामले दर्ज हैं। आकाश उर्फ पांचू पर 25 और अमित उर्फ अमन पर 22 आपराधिक मामले हैं।

एक आरोपी अतुल सोशल मीडिया पर हथियार लहराता था। वहीं चार आरोपियों टेरी जोसेफ उर्फ जॉय, सुनील उर्फ लल्ला, मोहम्मद अशरफ उर्फ अजय और सचिन माथुर के पास से 4 पिस्टल, 8 कारतूस के साथ लोहे की रॉड, प्लास और टेस्टर जैसे सेंधमारी के औजार भी मिले हैं।

डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि अवैध हथियारों की उपलब्धता को खत्म करने और आदतन अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *