दिल्ली के थाना नबी करीम क्षेत्र में कानून व्यवस्था ध्वस्त, LG के आदेशों की खुलेआम अवहेलना

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मध्य जिले में स्थित थाना नबी करीम क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। दिन में तो छोड़िए, रात के समय भी पुलिस का कहीं अता-पता नहीं होता, जिसका फायदा असामाजिक तत्व खुलकर उठा रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, थाना नबी करीम क्षेत्र की गलियों में अवैध स्पा और होटलों का कारोबार बेधड़क चल रहा है। ये स्पा और होटल रात भर खुले रहते हैं, जहां देर रात तक लड़कियों, दलालों और असामाजिक तत्वों का आना-जाना लगा रहता है। इसके कारण पूरे इलाके का माहौल खराब हो रहा है।

निवासियों ने बताया कि यही नहीं, क्षेत्र की गलियों और सड़कों पर दिनदहाड़े जुए के अड्डे सजते हैं। शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों का गलियों में जमावड़ा लग जाता है, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि अब तो अपने ही घरों में असुरक्षित महसूस करने लगे हैं।

सबसे गंभीर बात यह है कि स्थानीय लोगों द्वारा कई बार थाने में शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती। शिकायतें सिर्फ कागजों में ही सिमट कर रह जाती हैं।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ही दिल्ली के उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस को सख्त आदेश दिए थे कि विशेषकर शाम के समय सभी संवेदनशील इलाकों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए ताकि आम जनता में सुरक्षा की भावना बनी रहे। लेकिन थाना नबी करीम क्षेत्र में जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। यहां उपराज्यपाल के आदेशों की खुलेआम अवहेलना साफ तौर पर देखी जा सकती है।

क्षेत्र के लोगों ने उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले का तुरंत संज्ञान लेकर थाना नबी करीम क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग शुरू की जाए और अवैध रूप से चल रहे स्पा, होटलों और जुए के अड्डों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *