दिल्ली के बुध विहार में हत्या की गुत्थी 6 घंटे में सुलझी, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर। बुध विहार थाना पुलिस ने हत्या के मामले को महज 6 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को रात करीब 10:26 बजे बीएसए अस्पताल से सूचना मिली कि रिठाला गांव निवासी 24 वर्षीय हनीफ को चाकू लगने के बाद भर्ती कराया गया है। उसे उसके पिता अस्पताल लेकर आए थे। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। इस पर थाना बुध विहार में FIR No. 333/26 धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए DCP रोहिणी के निर्देशन और ACP प्रशांत विहार की देखरेख में इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। क्राइम टीम और FSL टीम ने मौके का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों को सक्रिय किया गया।

तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने आरोपी आर्यन वाल्मीकि (20), निवासी बुध विहार फेज-2 को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 30 सितंबर रात करीब 9:15 बजे दोनों के बीच कहासुनी हुई, गाली-गलौज के बाद उसने चाकू से हनीफ के पेट पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी मृतक का जानकार है और उसी इलाके में रहता है, वह रिठाला क्षेत्र में सफाई कर्मी का काम करता था।

फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *