नई दिल्ली, 18 अगस्त। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) में हुए कथित घोटाले के मामले में एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, एसीबी की टीम ने जैन को पूछताछ के लिए बुलाया था, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।
यह पूरा मामला दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (एसटीपी) के टेंडर में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़ा है। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर चुनिंदा कंपनियों को लाभ पहुंचाया गया, जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।
गौरतलब है कि इस मामले में एसीबी ने पहले ही एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रहा है और इस संबंध में चार्जशीट दाखिल कर चुका है।
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार पूर्व मंत्री से टेंडर आवंटन और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन को लेकर पूछताछ की जाएगी। उन्हें कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।