नई दिल्ली। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) टेंडर घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व जल मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ACB ने इस मामले में FIR No. 10/2024 दिनांक 11.05.2024 के तहत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7/7A/9/13 और भारतीय दंड संहिता की धारा 420/409/418/120-B के तहत दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी –
- सत्येंद्र कुमार जैन, पूर्व जल मंत्री, दिल्ली सरकार
- उदित प्रकाश राय (IAS), पूर्व CEO, दिल्ली जल बोर्ड
- अंकित श्रीवास्तव, पूर्व संविदा सलाहकार, दिल्ली जल बोर्ड
- नगेंद्र यादव, प्रोपराइटर, मैसर्स एएन एंटरप्राइजेज
- . राजा कुमार कुर्रा, मालिक, मैसर्स यूरोटेक एनवायरनमेंट प्रा. लि. 6. पंकज वर्मा, प्रोपराइटर, मैसर्स सृजनहार
- क्या है पूरा मामला?
यह मामला सतर्कता निदेशालय (Directorate of Vigilance), GNCTD की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप था कि दिल्ली जल बोर्ड के STP को अपग्रेड करने के टेंडर में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और आपराधिक साजिश रची गई।
जांच में सामने आया है कि –
- टेंडर में ऐसी तकनीकी शर्तें जोड़ी गईं जो सीधे तौर पर एक विशेष कंपनी मैसर्स यूरोटेक एनवायरनमेंट प्रा. लि. को फायदा पहुंचाती थीं, जिससे प्रतिस्पर्धा खत्म हो गई। • प्रस्तावित पायलट स्टडी नहीं कराई गई और ट्रीटेड पानी के जरूरी मानकों को टेंडर से हटा दिया गया। • तकनीकी स्पेसिफिकेशन में बदलाव कर सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया गया। • इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच में खुलासा हुआ है कि निजी व्यक्तियों और कुछ लोक सेवकों के बीच लगातार संपर्क था। टेंडर से जुड़े प्रतिबंधात्मक शर्तें, शुद्धिपत्र (Corrigendum) और दस्तावेज पहले ही निजी कंपनी को भेजे जा रहे थे, जिन्हें बाद में DJB के टेंडर में शामिल कर लिया गया।
ACB का कहना है कि यह एक संगठित नेक्सस है जिसने टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर कर चुनिंदा निजी कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि यह घोटाला पप्पनकला, निलोथि, नजफगढ़, केशोपुर, नरेला, रोहिणी और कोंडली सहित कई इलाकों के STP प्रोजेक्ट से जुड़ा है, जिसकी कुल लागत करीब 1934 करोड़ रुपये बताई जा रही है। ACB सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।