नई दिल्ली, 1 अगस्त। सेंट्रल रेंज क्राइम ब्रांच ने हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे 16 साल से फरार पैरोल जंपर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तोता राम उर्फ बबलू (45) निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
हर्ष इंदौरा, डीसीपी, क्राइम ब्रांच ने बताया कि आरोपी थाना कृष्णा नगर के FIR No. 184/2002 धारा 302/307/34 IPC में वांछित था। 19 अगस्त 2002 को तहबाजारी के विवाद में आरोपी ने साथी सत्यप्रकाश के साथ मिलकर दिलशाद और दिलदार पर नारियल काटने वाले चाकू से हमला कर दिया था। दिलशाद की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दिलदार गंभीर रूप से घायल हुआ था। कोर्ट ने आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
24 सितंबर 2010 को दिल्ली हाईकोर्ट से एक महीने की पैरोल पर बाहर आने के बाद आरोपी फरार हो गया था और तब से लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
ACP सतेंद्र मोहन के निर्देशन में इंस्पेक्टर सुनील कुमार कलखांडे के नेतृत्व में SI नवीन दहिया, HC जय सिंह, विजय सिंह यादव, राहुल, परवीन, समंदर, अनूप और अंकित की टीम बनाई गई।
तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र से पता चला कि आरोपी अपने गांव बदायूं से लुधियाना की तरफ गया है। टीम ने लुधियाना में जाल बिछाया और 31 जुलाई 2026 को गांव सादमा कलां, जिला लुधियाना के एक किराए के मकान से उसे दबोच लिया।
आरोपी ने बताया कि पिता की मौत के बाद 18 साल की उम्र में वह दिल्ली आकर सब्जी बेचने लगा था। पैरोल पर आने के बाद वह लुधियाना में बस गया, नाम बदलकर बबलू रख लिया, शादी की और सब्जी बेचकर गुमनामी की जिंदगी जी रहा था। उसके एक बेटा और एक बेटी है।
आरोपी को वापस तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।