दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी:सीमापुरी हत्याकांड के दो भगोड़े एक साथ दबोचे, केरल और ओडिशा में एक साथ ऑपरेशन

नई दिल्ली, 9 सितंबर।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सीमापुरी इलाके के सनसनीखेज अकबर अली हत्याकांड में फरार चल रहे दो कुख्यात भगोड़ों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

एंटी एक्सटॉर्शन एंड किडनैपिंग सेल (AEKC) ने दोनों आरोपियों को एक साथ दो अलग-अलग राज्यों – केरल और ओडिशा से दबोचा है, ताकि एक की गिरफ्तारी की खबर दूसरे तक न पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, मामला FIR No. 762/2025, थाना सीमापुरी में दर्ज है। अकबर अली की चाकू, डंडों और चापड़ से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में कुल 8 आरोपी शामिल थे, जिनमें से 5 को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी 3 आरोपी करीब एक साल से फरार थे, जिन्हें कोर्ट ने भगोड़ा घोषित कर रखा था।

तकनीकी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर DCP संजीव कुमार यादव के निर्देशन और ACP पंकज अरोड़ा व इंस्पेक्टर वीर सिंह के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया।

केरल टीम का नेतृत्व SI इमरान खान ने किया और ओडिशा टीम का नेतृत्व SI अंकुर यादव ने।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. जाहिर खान (23) पुत्र मोहसिन खान – ओट्टापलम, केरल से गिरफ्तार। दिल्ली से भागने के बाद पहले ओडिशा में कबाड़ फैक्ट्री में काम किया, फिर केरल में वेटर बनकर पहचान छुपा रहा था।
  2. शेख मुर्सलीन (23) पुत्र शेख मुसफिसुअल – जटनी, ओडिशा से गिरफ्तार। यह मुख्य आरोपियों में से एक है और जाहिर का चचेरा भाई है। वहां कबाड़ी मजदूर बनकर रह रहा था।

पुलिस ने बताया कि हत्या पुरानी रंजिश और इलाके में दबदबा कायम करने के लिए की गई थी। दोनों शातिर किस्म के अपराधी हैं और ट्रेनों में यात्रियों से चोरी की वारदातों में भी शामिल रहे हैं। दोनों को ट्रांजिट रिमांड के बाद कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि तीसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *