दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पहाड़गंज में मुठभेड़ के बाद दो हथियारबंद बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्ली, 29 सितंबर 2026

मध्य जिला की स्पेशल स्टाफ टीम ने पहाड़गंज थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात हथियारबंद बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आकाश उर्फ मठ्ठी (27) और मुकेश उर्फ चीनू (35) के रूप में हुई है। दोनों नबी करीम थाने के घोषित बदमाश (BC) हैं।

मधुर वर्मा सयुक्त आयुक्त सेंट्रल रेंज ने बताया, आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर 4 राउंड फायरिंग की। एक गोली हेड कांस्टेबल मोहित के सिर के पास से निकल गई, जबकि दूसरी गोली हेड कांस्टेबल राजवीर की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 3 राउंड फायर किए, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। दोनों को मौके पर ही काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई 13 सितंबर को सदर बाजार में बाबा रामदेव जी की शोभायात्रा के दौरान हुई फायरिंग से जुड़ी है। राम कुमार मार्ग, मोतिया खान के पास विकास कालिया गैंग के 3-4 सदस्यों ने 3-4 राउंड फायरिंग की थी, जिसमें शोभायात्रा में शामिल एक व्यक्ति के हाथ में गोली लग गई थी। इस संबंध में थाना सदर बाजार में FIR No. 908/26 दर्ज की गई थी।

जांच के दौरान पता चला कि यह वारदात प्रकाश-चीनू गैंग और विकास कालिया गैंग के बीच गैंगवार का नतीजा थी।

इस मामले में स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर संदीप यादव के नेतृत्व में ACP ऑपरेशन पदम सिंह राणा की देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर पता चला कि दोनों आरोपी 28 सितंबर को अपने विरोधियों को खत्म करने के इरादे से पहाड़गंज इलाके में चोरी की बाइक पर आने वाले हैं।

सूचना पर कर्णैल सिंह स्टेडियम गेट नंबर-2, चेम्सफोर्ड रोड से रिजर्वेशन रोड जाने वाले रास्ते पर जाल बिछाया गया। बाइक पर आते ही मुखबिर ने दोनों की पहचान की। खुद को घिरा देख दोनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दोनों को घायल कर दबोच लिया।

आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध हथियार – एक पिस्टल 2 जिंदा कारतूसों के साथ और एक देसी कट्टा 2 जिंदा कारतूसों के साथ, तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बरामद बाइक थाना सब्जी मंडी की FIR No. 020587/26 में चोरी की थी।

आरोपी आकाश उर्फ मठ्ठी: पहले से 13 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें लूट, आर्म्स एक्ट, झपटमारी और चोरी के मामले हैं।

मुकेश उर्फ चीनू भी पहले से 7 आपराधिक मामलों में शामिल, जिनमें हत्या का प्रयास, गैर इरादतन हत्या, लूट और चोरी के मामले हैं।

पुलिस के अनुसार, इनकी गिरफ्तारी से 4 मामले सुलझे हैं – शोभायात्रा में फायरिंग का मामला, करोल बाग के 2 मकानों में चोरी के मामले और एक बाइक चोरी का मामला।

फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *