दिल्ली में माचिस मांगने से शुरू हुआ विवाद, चाकू मारकर युवक की हत्या

नई दिल्ली। केशवपुरम इलाके में माचिस मांगने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपियों ने दो लोगों पर चाकू और घूंसों से हमला कर दिया, जिसमें एक की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल है। केशवपुरम थाना पुलिस ने मामले को सुलझाते हुए 2 आरोपियों और 1 बाल अपचारी (CCL) को पकड़ा है।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को DSIIDC शराब ठेके के सामने फुटपाथ पर चाकूबाजी की PCR कॉल मिली। मौके पर खून पड़ा था। पता चला कि दो घायलों को दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया है, जहां कन्हैया नगर निवासी भवानी (30 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया गया। उसकी पीठ पर गहरा चाकू का घाव था। वहीं दूसरा घायल आशा राम (32 वर्ष) के सीने में चाकू लगा है और उसका इलाज चल रहा है।

जांच में सामने आया कि मृतक और घायल का 2-3 लड़कों से माचिस मांगने को लेकर झगड़ा हुआ था। माचिस न देने पर आरोपियों ने हमला कर दिया।

इस संबंध में थाना केशवपुरम में FIR No. 321/26 धारा 103(1)/109(1) BNS के तहत केस दर्ज किया गया।

ACP अशोक विहार आकाश रावत के निर्देशन और SHO राजीव मलिक की देखरेख में इंस्पेक्टर यूनुस जावेद के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। टीम ने तकनीकी व स्थानीय सूचना पर आरोपी –

  1. नरेश बहादुर उर्फ नेपाली (19), निवासी जेजे कॉलोनी, वजीरपुर
  2. तरुण (19), निवासी जेजे कॉलोनी, वजीरपुर
    और एक CCL को पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी नरेश बहादुर ने ही चाकू से वार किया था। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *