दिल्ली में लगातार कई घंटे तक हुई बारिश के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव तो पेड़ गिरे तो कहीं ट्रैफिक जाम

दिल्ली में बुधवार देर रात से ही हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार रोक दी। लगातार कई घंटे तक हुई बारिश के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव हो गया, कई जगह पेड़ उखड़ गए और प्रमुख मार्गों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। लगातार बारिश के चलते दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही. जंगपुरा जैसे कुछ हिस्सों में लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा. विकास मार्ग, पूर्वी दिल्ली के कई हिस्सों, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका, सदर बाजार और द्वारका से जलभराव की सूचना मिली।

दिल्ली अग्निशमन विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित राजा धीर सिंह मार्ग पर दो पेड़ गिरे. एक पेड़ इस्कॉन मंदिर के पास और दूसरा राष्ट्रीय हृदय संस्थान के बाहर गिरा, जिससे ट्रैफिक बाधित हुआ।

हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (PWD), दिल्ली नगर निगम (MCD) और दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की टीमों को शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव से निपटने के लिए तैनात किया गया है. अधिकारियों ने दावा किया है कि भारी बारिश के बावजूद शहर की सभी प्रमुख सड़कों पर स्थिति फिलहाल “नियंत्रण में” है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मध्य भारत से एक ‘कम दबाव का क्षेत्र’ उत्तर की ओर खिसककर हिमालय की तराई में पहुंच गया है. जब तक यह मौसमी प्रणाली और उत्तर की ओर नहीं बढ़ती, दिल्ली में व्यापक स्तर पर बारिश जारी रहने की संभावना है. 12 जुलाई के बाद मौसम के शुष्क होने की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *