दिल्ली को मानसून के दौरान जलभराव मुक्त एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से दिल्ली नगर निगम महापौर प्रवेश वाही की अध्यक्षता में बीते 23 जून को सिविक सेंटर में ‘ऑपरेशन मिशन मानसून’ के अंतर्गत उच्चस्तरीय अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न एजेंसियों द्वारा किए जा रहे डीसिल्टिंग कार्यों, जल निकासी व्यवस्था, जलभराव संभावित संवेदनशील स्थलों, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र तथा अंतर-विभागीय समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई।
महापौर ने सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए पंप, डी-वाटरिंग उपकरण एवं अन्य आवश्यक संसाधनों को पूर्णतः तैयार रखने तथा जलभराव संभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप-महापौर मोनिका पंत, स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा, सदन के नेता जय भगवान यादव, डेम्स समिति के अध्यक्ष संदीप कपूर, नगर निगम आयुक्त संजीव खिरवार सहित नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।