नई दिल्ली। बिंदापुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 चोरी के मोबाइल, 9,020 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है।
100 से ज्यादा CCTV खंगाले
9 सितंबर की रात यशपाल नामक व्यक्ति के घर से 4 मोबाइल, नकदी और जेवरात चोरी होने की पीसीआर कॉल मिली थी। थाना बिंदापुर में ई-FIR No. 80075877/2026 धारा 305 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देश पर एसीपी डाबड़ी हरनीत सिंह सूदन की देखरेख में एसएचओ नरेश सांगवान के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपी की पहचान की और उसे उसके घर से दबोचा।
पकड़े गए आरोपी की पहचान रोहित पाल उर्फ मेंटल (28 वर्ष) पुत्र कैलाश पाल, निवासी भारत विहार, राजापुरी, उत्तम नगर के रूप में हुई। आरोपी कुछ महीने पहले ही जेल से छूटा था और थाना डाबड़ी का बीसी (Bad Character) है। उस पर पहले से चोरी-झपटमारी के 40 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और रात में स्कूटी से घूमते हुए खुले मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस ने आरोपी से 7 मामलों का खुलासा किया है, जिनमें थाना बिंदापुर के 5 और थाना डाबड़ी का 1 मामला शामिल है। आगे की जांच जारी है।