दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में हुए भाईयों के झगड़े में हत्या के मामले को नंद नगरी थाना पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझा लिया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
राहुल अलवाल, डीसीपी उत्तर पूर्व जिला ने बताया कि 12/13.सितंबर 2026 की रात करीब 01:43 बजे थाना नंद नगरी को एच-ब्लॉक, सुंदर नगरी में दो भाइयों के बीच झगड़े की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घायल को परिजन पहले ही जीटीबी अस्पताल ले जा चुके थे।
घायल की पहचान मोहम्मद अली (28 वर्ष) पुत्र जुमा दीन, निवासी गली नं. 2, सुंदर नगरी के रूप में हुई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पत्नी ने बताया कि पहली मंजिल पर वह अपने पति के साथ रहती है, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर मृतक के ताऊ नसीरुद्दीन अपने दो बेटों के साथ रहते हैं। रात करीब 1 बजे मोहम्मद अली नीचे फ्रिज से पानी की बोतल लेने गया था। आरोप है कि जावेद ने गेट नहीं खोला, जिस पर कहासुनी हुई। आरोप है कि नसीरुद्दीन ने मोहम्मद अली को पकड़ लिया और जावेद ने चाकू से कई वार कर दिए। वारदात के बाद दोनों फरार हो गए।
इस संबंध में थाना नंद नगरी में FIR No. 506/26 दिनांक 13.09.26 धारा 103(1)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। FSL टीम द्वारा मौके से अहम साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस कार्रवाई: गौरव कुमार त्रिपाठी, IPS, ACP/नंद नगरी के पर्यवेक्षण में इंस्पेक्टर आनंद यादव, SHO/नंद नगरी के नेतृत्व में ASI प्रमोद, ASI अनिल, HC दीपक, HC सचिन, Ct प्रवीण, Ct अरुण और Ct नेमपाल की टीम ने विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटाकर घंटों के भीतर ही दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया। बताया कि मुर्गा मार्केट स्थित एक कपड़े की दुकान को लेकर नसीरुद्दीन और मृतक के पिता जुमा दीन के बीच संपत्ति विवाद चल रहा था।
इस मामले में नसीरुद्दीन (71 वर्ष) पुत्र मो. गफ्फार, निवासी गली नं. 2, सुंदर नगरी और जावेद (26 वर्ष) पुत्र नसीरुद्दीन, निवासी गली नं. 2, सुंदर नगरी का रहने वाला है।
दोनों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। इनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।