पश्चिमी जिले में नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार, 96 घंटे में 19 गिरफ्तार, 5 करोड़ की ड्रग्स बरामद

नई दिल्ली, 21 सितंबर। पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए गए 96 घंटे के विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नशे की सप्लाई के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए 19 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 6 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

पश्चिमी जिले के डीसीपी हरीश्वर वी. स्वामी के निर्देशन में एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड और स्पेशल स्टाफ की 15 विशेष टीमों ने यह कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड के प्रभारी और ऑपरेशंस एसीपी राजेश कुमार, एसीपी पंजाबी बाग, एसीपी राजौरी गार्डन, एसीपी मायापुरी और एसीपी तिलक नगर ने किया।

पुलिस ने इंदरपुरी, मायापुरी, पंजाबी बाग, मोती नगर, राजौरी गार्डन, हरि नगर, जनकपुरी, तिलक नगर, ख्याला और विकासपुरी थाना क्षेत्रों में इंटेलिजेंस के आधार पर छापेमारी की।

17 केस दर्ज, 8 मामले कमर्शियल क्वांटिटी के

96 घंटे के इस सघन अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 17 मामले दर्ज किए गए। इनमें से 8 मामले कमर्शियल क्वांटिटी और 9 मामले इंटरमीडिएट क्वांटिटी के हैं। इससे साफ है कि पुलिस ने संगठित तस्करी के साथ-साथ गली-मोहल्लों में ड्रग्स बेचने वाले छोटे नेटवर्क पर भी शिकंजा कसा है।

क्या-क्या बरामद हुआ

पुलिस ने तस्करों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

  • 44 किलो गांजा – कीमत 44 लाख रुपये • 470.92 ग्राम हेरोइन/स्मैक – कीमत 3.29 करोड़ रुपये • 494 ग्राम अफीम – कीमत 5.64 लाख रुपये • 168.5 ग्राम एमडी – कीमत 80.84 लाख रुपये • 31.49 ग्राम एमडीएमए – कीमत 15.27 लाख रुपये • 9.58 ग्राम कोकीन – कीमत 2.83 लाख रुपये
    इसके अलावा ड्रग्स की सप्लाई में इस्तेमाल हो रही 3 स्कूटी, 1 मोटरसाइकिल और 1 ई-रिक्शा भी जब्त की गई है।

विदेशी नागरिकों पर भी शिकंजा

गिरफ्तार 6 विदेशी नागरिकों के खिलाफ एनडीपीएस के साथ-साथ इमिग्रेशन और फॉरेनर्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक, फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन और कम्युनिकेशन नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि पूरे सप्लाई चेन का पर्दाफाश किया जा सके।

डीसीपी पश्चिमी जिला ने बताया कि सभी मामलों में विस्तृत जांच जारी है और नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *