पहाड़गंज में बिल्डर के ऑफिस में फायरिंग करने वाला पवन पहलवान पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, 4 अन्य साथी भी धरे गए, पुलिस रिमांड आरोपियों को आर्य नगर पहाड़ गंज के विभिन्न हिस्सों में घुमाया गया

दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में बिल्डर के ऑफिस में गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी पवन पहलवान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में पवन की निशानदेही पर उसके 4 अन्य साथियों को भी पकड़ा गया। सभी आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया गया।

ज्ञात हो बीते सप्ताह पहाड़गंज के आर्य नगर स्थित एक बिल्डर के ऑफिस में दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात हुई थी। बदमाशों ने रंगदारी के लिए दहशत फैलाने के मकसद से ऑफिस के बाहर कई राउंड फायर किए थे। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल था। स्थानीय व्यापारियों ने भी पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

मध्य जिला पुलिस को सूचना मिली थी कि फायरिंग का मुख्य आरोपी पवन पहलवान उर्फ पवन अपने साथियों के साथ नजदीक ही छिपा है। पुलिस टीम ने रात करीब 2 बजे घेराबंदी की तो आरोपी पवन ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पवन पहलवान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।

निशानदेही पर 4 और गिरफ्तार
पुलिस की पूछताछ में पवन ने अपने 4 साथियों के नाम बताए। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर सोनू मोटा, पवन चेतली, शक्ति सिंह और विशाल भाटी उर्फ भांजा को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी पहाड़गंज और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं।

इसके बाद सभी पांचों आरोपियों को तीस हजारी कोर्ट में पेश किया गया। जानकारी के मुताबिक कोर्ट ने आरोपी सोनू मोटा को जमानत दे दी । जानकारी के मुताबिक अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरोपी सोनू मोटा के विरुद्ध पीड़ित द्वारा जमानत रद्द करने के लिए याचिका कोर्ट में दायर की है।वहीं मुख्य आरोपी पवन पहलवान और पवन चेतली को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है । इसके बाद
सीन ऑफ क्राइम पर ले जाकर पुलिस ने, जनता को दिखाया कि बदमाशों का किया हाल होता है।
इलाके में बदमाशों की दहशत खत्म करने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाया। दो आरोपियों शक्ति सिंह और विशाल भाटी उर्फ भांजा को पुलिस रिमांड पर लेकर आर्य नगर, पहाड़गंज के उसी इलाके में घुमाया गया जहां इन्होंने फायरिंग की थी। हथकड़ी लगे बदमाशों को देखकर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

मध्य जिला डीसीपी ने बताया, “हमारा मकसद साफ है — अपराध करने वालों में कानून का डर हो और आम जनता में सुरक्षा का भाव। इसलिए आरोपियों की परेड कराई गई। पवन पहलवान पर पहले से भी 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। बाकी आरोपियों की कुंडली भी खंगाली जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *