नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के चांदनी महल थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। पहाड़ी भोजला स्थित मकान नंबर 1569 में एक जर्जर इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, आज सुबह करीब 11:22 बजे पीसीआर को सूचना मिली कि पहाड़ी भोजला में एक इमारत गिर गई है। सूचना मिलते ही चांदनी महल थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने तत्काल इलाके को घेरकर सुरक्षित किया और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मलबे के नीचे और आसपास खड़े वाहनों को भी सावधानी के साथ हटाया गया।
इस घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है, हालांकि मलबे की चपेट में आने से 3 से 4 स्कूटी/मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं।
प्रारंभिक जांच में इमारत काफी जर्जर हालत में मिली है। पता चला है कि इमारत की खराब स्थिति को लेकर एमसीडी द्वारा पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था और इमारत में मरम्मत का कार्य चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि एमसीडी अधिकारियों के साथ समन्वय कर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।