नई दिल्ली। मध्य जिले के नबी करीम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेबतराशी की एक वारदात को महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने एक शातिर आदतन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया एप्पल आई-फोन बरामद किया है। आरोपी पहाड़गंज इलाके में आने वाले पर्यटकों को अपना निशाना बनाता था।
रोहित राजवीर सिंह आईपीएस डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक बीते 28 जुलाई 2026 को रात करीब 9:30 बजे एक पर्यटक, जो शिप्रा होटल, पहाड़गंज में ठहरा हुआ था, खाने के लिए जा रहा था। जब वह कुतुब रोड, पहाड़गंज फ्लाईओवर के नीचे, नबी करीम पहुंचा, तो एक अज्ञात व्यक्ति ने उसकी शर्ट की जेब से चुपके से उसका एप्पल आई-फोन निकाल लिया और फरार हो गया।
पीड़ित की शिकायत पर थाना नबी करीम में FIR No. 343/2026 :, 28 जुलाई 2026 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुलशन नागपाल SHO नबी करीम के नेतृत्व और ACP पहाड़गंज के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में HC संदीप (IO), HC एम.पी. सिंह और Ct. संजय शामिल थे।
टीम ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले और संदिग्ध की पहचान की। 30.जुलाई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने कुतुब रोड, कूड़ा खत्ता, नबी करीम के पास जाल बिछाया और आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी संदीप उर्फ सैंडी, निवासी हौज काजी, दिल्ली (पूर्व में नबी करीम निवासी), उम्र 32 वर्ष, का रहने वाला है। तलाशी लेने पर उसके पास से शिकायतकर्ता का चोरी हुआ एप्पल आई-फोन बरामद हुआ है। लगातार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहाड़गंज इलाके में घूमने वाले पर्यटकों को निशाना बनाता था। वह भीड़ का फायदा उठाकर धक्का-मुक्की कर लोगों का ध्यान भटकाता था और फिर मोबाइल व कीमती सामान चुरा लेता था। दिन में शिकार न मिलने पर वह शाम और रात के समय लूटपाट की वारदातों को भी अंजाम देता था।
आरोपी ने कबूल किया कि वह पर्यटकों को आसान शिकार समझकर भीड़-भाड़ वाले इलाकों में वारदात करता था। जांच में पता चला कि आरोपी आदतन अपराधी है और पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है । पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।