मध्य जिला पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले को 16 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। थाना आनंद पर्वत पुलिस ने आरोपी पति चंद्रपाल भाटी (24) को बुलंदशहर, यूपी से गिरफ्तार किया है।
बीते 14 सितंबर की सुबह पंजाबी बस्ती, बलजीत नगर में 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालत में मौत की सूचना मिली। SI जितेंद्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो महिला कमरे में मृत पड़ी थी। शरीर पर बाहरी चोट नहीं, सिर्फ गर्दन पर नाखून जैसे निशान मिले। क्राइम और FSL टीम ने मौके का निरीक्षण किया। शव को LHMC अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जांच में 10 साल की बड़ी बेटी के बयान ने अहम भूमिका निभाई। बेटी ने बताया कि सुबह करीब 3:45 बजे उसने पिता को मां के पास खड़े होकर सांस चेक करते देखा, फिर पिता घर से बाहर चला गया।
संदेह के आधार पर थाना आनंद पर्वत में FIR No. 517/2026 धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
DCP सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह के अनुसार, SHO आनंद पर्वत के नेतृत्व में HC सुरेश, HC महेंद्र और HC कैलाश की टीम बनाई गई। ACP पटेल नगर सुनील कुमार की देखरेख में तकनीकी जांच और लोकल इंटेलिजेंस से आरोपी को ट्रेस कर 16 घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था और तनावपूर्ण संबंधों के चलते उसने गला घोंटकर हत्या की। आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। आगे की जांच जारी है।