नई दिल्ली। पूर्वी जिले की पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस को वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दो शातिर ऑटो-लिफ्टरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरी के वाहन और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर की शाम करीब 08:15 बजे ASI अजीत रावत, कांस्टेबल असटेंडर और कांस्टेबल रजनीश की टीम SHO पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया के नेतृत्व में AFCONS रोड, गाजीपुर गांव में गश्त व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भोवापुर की तरफ से आ रहे दो संदिग्ध युवकों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, जिन्हें पीछा कर दबोच लिया गया।
तलाशी में पीछे बैठे युवक के पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। ZIPNET पर जांच में पता चला कि उनके पास मौजूद स्कूटी कल्याणपुरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
आरोपियों की पहचान -राजेश कुमार शाह (30 वर्ष), निवासी- सनाहपुर, दरभंगा, बिहार और दूसरी जितेंद्र (32 वर्ष), निवासी- इंदर उरई, जालौन, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी की कई वारदातें कबूलीं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने नांगलोई से चोरी का एक टाटा ऐस (छोटा हाथी) और दो स्कूटी बरामद कीं। इस मामले में थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में FIR No. 362/26 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज की गई है।
इनके पास से एक चोरी की मेस्ट्रो स्कूटी नं. DL-7SBW-** • एक चोरी की एक्टिवा स्कूटी नं. DL-6SAS-** • एक चोरी का टाटा ऐस नं. DL-1CAF-** और एक एक बटनदार चाकू बरामद हुआ है।
पुलिस का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी से कुल 5 वाहन चोरी के मामले सुलझाए गए हैं।