नई दिल्ली, 17 सितंबर
रोहिणी जिले के विजय विहार थाना पुलिस ने लूट की वारदात का महज 2 घंटे में खुलासा करते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर की रात करीब 10 बजे विजय विहार फेज-2 में खन्ना मीट के पास तीन बदमाशों ने केले की रेहड़ी लगाने वाले एक व्यक्ति से उसका पर्स लूट लिया था। पर्स में 1500 रुपये नकद और आधार कार्ड समेत जरूरी दस्तावेज थे। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से उसके सिर पर मामूली चोट भी पहुंचाई थी।
इस संबंध में थाना विजय विहार में FIR No. 500/26 U/s 309(4)/309(6)/311/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO इंस्पेक्टर मनोहर लाल के नेतृत्व में SI दीपक, ASI मंगलेश, HC प्रदीप, विकास, हवा सिंह और ओम प्रकाश की टीम गठित की गई। ACP रोहिणी बृज मोहन मीणा की देखरेख में टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों – वरुण (19), गौतम उर्फ भूरा (22) और मंथन उर्फ माफिया (22) – को गिरफ्तार कर लिया। तीनों सेक्टर-4, रोहिणी के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पर्स, आधार कार्ड, 1500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। भूरा और मंथन पहले भी एक-एक आपराधिक मामले में शामिल रहे हैं।