रायगढ़, महाराष्ट्र। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने महाराष्ट्र के रायगढ़ में 40 लाख रुपये के रिश्वत कांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए CGST के एडिशनल कमिश्नर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार अधिकारियों में भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के अधिकारी जो वर्तमान में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST), रायगढ़ में एडिशनल कमिश्नर के पद पर तैनात हैं, रायगढ़ CGST के एक अधीक्षक और एक निजी व्यक्ति शामिल हैं। तीनों की गिरफ्तारी 27 अगस्त 2026 को की गई।
डेढ़ करोड़ से 40 लाख पर आया सौदा
सीबीआई ने इस मामले में 26 अगस्त 2026 को मामला दर्ज किया था। शिकायत के मुताबिक, आरोपी अधीक्षक ने शिकायतकर्ता की स्टोन-क्वारी फर्म के GST/रॉयल्टी मामले को निपटाने के एवज में 1.50 करोड़ रुपये की रिश्वत की मांग की थी। मोलभाव के बाद यह रकम 40 लाख रुपये तय हुई।
आरोपी लोक सेवकों ने रिश्वत की रकम एक निजी व्यक्ति के माध्यम से लेने की योजना बनाई और शिकायतकर्ता को उसी के पास भेजा। सीबीआई ने जाल बिछाया और निजी व्यक्ति को 40 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। बाद में इस रकम की स्वीकृति की पुष्टि CGST अधीक्षक और एडिशनल कमिश्नर दोनों ने की।
43 लाख नकद और 90 लाख के गहने बरामद
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के ठिकानों पर की गई तलाशी में 43 लाख रुपये नकद और लगभग 90 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद हुए हैं।
सीबीआई के अनुसार, तीनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।