नई दिल्ली, 26 जून 2026: मध्य जिले की थाना आईपी एस्टेट पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने एक शातिर ऑटो चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो चोरी के ऑटो-रिक्शा बरामद किए हैं। आरोपी पहले भी छह आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
रोहित राजवीर सिंह आईपीएस डीसीपी मध्य जिला के मुताबिक 21 जून. को थाना आईपी एस्टेट में एफआईआर संख्या 239/2026 धारा 305(2)/317(2)/34 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि तीन लोग उसका ऑटो-रिक्शा चोरी करने की कोशिश कर रहे थे। शिकायतकर्ता ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को चोरी के वाहन सहित मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
जांच के दौरान पकड़े गए आरोपी की पहचान वसीम पुत्र आमिर अहमद के रूप में हुई। उसे गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया ताकि उसके फरार साथियों का पता लगाया जा सके।
एसएचओ आईपी एस्टेट की देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई विक्रम पॉल (प्रभारी पीपी एलएनजेपी), एसआई अमित, एएसआई कल्याण सहाय, एएसआई राज कुमार गिरि, एचसी जयवीर, एचसी नदीम, कांस्टेबल सुरेंद्र, कांस्टेबल दिनेश और कांस्टेबल राहुल शामिल थे।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी वसीम, निवासी शाहदरा की निशानदेही पर एक और चोरी का ऑटो-रिक्शा बरामद किया गया। जांच में पता चला कि यह वाहन थाना कमला मार्केट के एफआईआर संख्या 014267/2026 धारा 305(बी) बीएनएस में चोरी हुआ था।
लगातार पूछताछ में आरोपी ने ऑटो चोरी की कई वारदातों में शामिल होना कबूल किया। उसकी निशानदेही पर एक अतिरिक्त चोरी का ऑटो बरामद हुआ। पुलिस फरार सह-आरोपियों की तलाश और आरोपी की अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है। आरोपी वसीम पहले भी 6 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।