ऑपरेशन मिलाप में बड़ी सफलता: 24 घंटे में जयपुर से बरामद हुई लापता बच्ची

नई दिल्ली, 19 नवंबर। रोहिणी जिला पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। बेगमपुर थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर 13 वर्षीय लापता बच्ची को जयपुर से सकुशल बरामद कर लिया।

17 नवंबर को बेगमपुर थाने में एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसकी 13 वर्षीय बेटी स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

एसीपी बेगमपुर सार्थक त्यागी के पर्यवेक्षण में एसएचओ बेगमपुर इंस्पेक्टर राजीव रंजन के नेतृत्व में एसआई साहिल, एचसी सुनील, एचसी दीपा और कांस्टेबल सुशील की टीम गठित की गई। टीम ने शिकायतकर्ता के घर पहुंचकर बच्ची के बारे में पूरी जानकारी जुटाई।

पुलिस टीम ने इलाके में घर-घर जाकर पूछताछ की, दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों, ई-रिक्शा चालकों और स्थानीय लोगों से जानकारी ली। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। स्थानीय मुखबिरों, तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों से टीम को बच्ची के जयपुर में होने का पता चला।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्ची को जयपुर से बरामद कर अपने संरक्षण में ले लिया। आवश्यक मेडिकल और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

ऑपरेशन मिलाप लापता बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने की दिल्ली पुलिस की एक महत्वपूर्ण पहल है, जो पुलिस के मानवीय और समुदायोन्मुखी दृष्टिकोण को दर्शाता है।

रोहिणी जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बच्चे के लापता होने की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *