करोल बाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 घंटे में लूट का खुलासा, दो बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्ली। मध्य जिला पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए लूट की वारदात को महज तीन घंटे में सुलझा दिया। करोल बाग थाना पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लूटे गए दो सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल TVS ENTORQ स्कूटी भी जब्त कर ली गई है।

पीड़ित वसंत कुंज निवासी अपने दोस्त जो भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं, के साथ रविवार शाम करोल बाग में शॉपिंग करने आए थे। शाम करीब 5:30 बजे जब वे आर्य समाज रोड पर रवि राज चौक की तरफ जा रहे थे, तभी काले-पीले रंग की स्कूटी पर दो बदमाश आए। पीछे बैठे बदमाश ने शिकायतकर्ता की टांग पकड़ कर दर्द पहुंचाया और जेब से दो सैमसंग फोन लूट कर फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने स्कूटी का आंशिक नंबर 7*** नोट कर लिया था।

इस संबंध में थाना करोल बाग में FIR No. 0819/2026 धारा 309(4)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

सूचना मिलते ही ACP करोल बाग ने SHO करोल बाग के नेतृत्व में ASI वीरपाल, ASI घनश्याम, HC राजा राम, सिपाही खुशहाल और सिपाही कमलजीत की टीम गठित की। ACP खुद CCTV कंट्रोल रूम पहुंचे। ASI घनश्याम ने CCTV फुटेज से बदमाशों का रूट ट्रेस किया। रियल टाइम इनपुट के आधार पर टीमों ने फैज रोड की तरफ घेराबंदी की और रात करीब 8:30 बजे ENTORQ स्कूटी नंबर DL-11PC-**** पर जा रहे दोनों लुटेरों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में आकाश (34 वर्ष) और. हनी (32 वर्ष), दोनों सदर बाजार दिल्ली के रहने वाले हैं। पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूला। स्कूटी की डिग्गी से लूटे गए Samsung Galaxy S22 और Samsung Galaxy A51 बरामद हुए। स्कूटी आरोपी आकाश की पत्नी के नाम पर है।

जांच में पता चला कि दोनों हाल ही में जेल से छूटे हैं। आरोपी हनी थाना सदर बाजार का घोषित बदमाश (BC) है और 9 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जबकि आकाश पर पहले से 3 मामले दर्ज हैं।
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *