ठक-ठक गैंग का शातिर बदमाश गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी, लैपटॉप और नकदी बरामद

नई दिल्ली, 26 जुलाई। साउथ जिला की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने ठक-ठक गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार, थाना डिफेंस कॉलोनी के ठक-ठक चोरी के मामले में फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। 23 जुलाई को गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर इंस्पेक्टर अमित दत्त शर्मा के नेतृत्व में ASI रविंद्र सिंह की टीम ने आरोपी विनोद (24), निवासी अम्बेडकर नगर को दबोचा।

तलाशी में उसके पास से चोरी की एक TVS Jupiter स्कूटी, एक Lenovo लैपटॉप, 7000 रुपये नकद, पर्स, Apple चार्जर, OnePlus Earbuds और अन्य सामान बरामद हुआ। बरामद माल डिफेंस कॉलोनी और गुरुग्राम के DLF फेज-2 थाने में दर्ज दो मामलों से जुड़ा है।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी ठक-ठक गैंग का सक्रिय सदस्य है। गैंग खड़ी या धीमी चल रही गाड़ियों को निशाना बनाता है, गाड़ी पर खटखटा कर (ठक-ठक) चालक का ध्यान भटकाता है और अंदर रखा सामान चोरी कर फरार हो जाता है।

आरोपी पर पहले से ही 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई से दो मामले सुलझे हैं।

ऑपरेशन ACP ऑपरेशंस रितुराज के पर्यवेक्षण में किया गया। डीसीपी साउथ अनंत मित्तल ने बताया कि फरार साथियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *