नई दिल्ली: अजीत कुमार सिंगला, आईपीएस ,संयुक्त पुलिस आयुक्त, पूर्वी रेंज ने बताया कि दिनांक 13.06.2026 को थाना गांधी नगर में सूचना प्राप्त हुई कि चंदरपुरी, कैलाश नगर, दिल्ली निवासी एक 30 वर्षीय महिला की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई है।
सूचना मिलते ही थाना गांधी नगर के SHO इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार, जांच अधिकारी एवं पुलिस स्टाफ के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अपराध स्थल को सुरक्षित कर क्राइम टीम एवं एफएसएल टीम द्वारा गहन जांच की गई। जांच के दौरान मौके से खून से सना चाकू, जो वारदात में प्रयुक्त हथियार प्रतीत होता है, बरामद किया गया।
प्राप्त सूचना के आधार पर थाना गांधी नगर में एफआईआर संख्या 228/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
यह मामला डीसीपी शाहदरा के समग्र पर्यवेक्षण, एसीपी/गांधी नगर के निकट पर्यवेक्षण और एसएचओ/गांधी नगर इंस्पेक्टर राजकुमार के नेतृत्व में सुलझाया गया। इस केस को सुलझाने में पुलिस अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई: जिसमें
इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार (जांच अधिकारी), इंस्पेक्टर रॉबिन सिंह , एसआई विकास कुमार , एसआई हरीश चौधरी 5.ल, एचसी राहुल चौधरी , एचसी अमन बंसल ,. एचसी सुधीर ,. एचसी हर्ष ,. एचसी अमित ,. कांस्टेबल सौरभ शामिल रहे।
जांच के दौरान परिजनों एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि घटना के बाद मृतका का पति खालिद नवी मौके से फरार हो गया था। आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था, सभी इलेक्ट्रॉनिक संपर्क से बचा रहा, कोई डिजिटल फुटप्रिंट नहीं छोड़ा और एक सीसीटीवी फुटेज में दिखने के बावजूद उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही थी।
तकनीकी सुराग न मिलने के बावजूद जांच टीमों ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और व्यापक फील्ड वेरिफिकेशन पर भरोसा रखा। पूछताछ में आरोपी के बदायूं (उ.प्र.), हुबली (कर्नाटक), मुंबई और गोवा से संबंध सामने आए, जिसके बाद इन स्थानों पर समर्पित टीमें भेजी गईं और साथ ही दिल्ली में भी लगातार तलाश जारी रखी गई। तीन दिन के अथक प्रयासों और अंतरराज्यीय समन्वय के बाद, जांच टीम को आरोपी के भाई से संपर्क करने की संभावना का महत्वपूर्ण सुराग मिला। दिनांक 16.06.2026 को आरोपी को मुंबई से उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह अपनी पहचान छिपाने का प्रयास कर रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि मृतका से उसकी शादी लगभग 15 साल पहले हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। उसने बताया कि पिछले एक साल से लगातार वैवाहिक विवाद चल रहे थे, साथ ही उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था, जिससे अक्सर झगड़े होते थे।
दिनांक 13.06.2026 को समझौते के प्रयास के दौरान हुई बहस में उसने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह दिल्ली से भाग गया, बिना टिकट कई ट्रेनों से यात्रा करते हुए मुंबई पहुंचा और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने भाई से मदद लेने की योजना बना रहा था।
आरोपी के पास से खून से सना चाकू (वारदात में प्रयुक्त हथियार) बरामद किया गया।. वारदात के समय आरोपी द्वारा पहने गए खून से सने कपड़े, जिन्हें मुंबई से लगभग 50 किलोमीटर दूर पनवेल रेलवे स्टेशन, महाराष्ट्र में छिपाया गया था, जिसे बरामद कर लिया गया।
आरोपी खालिद नवी, निवासी चंदरपुरी, कैलाश नगर, दिल्ली का रहने वाला है। आरोपी को इससे पहले धारा 107/151 सीआरपीसी के तहत 6 बार गिरफ्तार किया जा चुका है।
थाना गांधी नगर की टीम ने एक सनसनीखेज हत्या के मामले को तीन दिन के भीतर सुलझाते हुए व्यापक अंतरराज्यीय तलाशी अभियान के बाद आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया। जांच के दौरान वारदात में प्रयुक्त हथियार, खून से सने कपड़े और आरोपी का खून से सना पासपोर्ट बरामद किया गया, तथा हत्या के पीछे का मकसद भी स्थापित किया गया।
उल्लेखनीय है कि यह मामला किसी भी तकनीकी सुराग के अभाव में सुलझाया गया। यह उपलब्धि थाना गांधी नगर की टीम के समर्पण, व्यावसायिकता और असाधारण जांच कौशल को दर्शाती है।